-पर्व की तैयारियों को सुबह से ही शुरू हो गया था सजावट का काम
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। शनिवार को सेक्टर-33ए में इस्कॉन मंदिर को राधा अष्टमी से पहले रंग बिरंगे फूलों , झालरों और रोशनी से दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। श्रद्धालुओं के लिए मंदिर में भव्य तैयारियां कर ली गई हैं। वहीं मंदिर में एक दिन पहले भक्तिमय माहौल नजर आया। मंदिर प्रांगण को सजाने का कार्य सुबह से ही शुरु हो गया था।
मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी अरुण सैनी ने बताया, आज राधारानी और श्रीकृष्ण के विशेष श्रृंगार के लिए देशभर से विशेष सुगंधित रंग बिरंगे फूल और आभूषण मंगाए गए हैं। शनिवार को सेवादार भव्य सजावट में जुटे रहे। मंदिर के मुख्य द्वार पर तोरणद्वार बनाया गया, वहीं अंदर के हॉल को आकर्षक झूमर और रंग बिरंगी लाइटिंग से सजाया गया। उन्होंने बताया, इस दौरान पंचगव्य से विशेष अभिषेक होगा। राधा रानी के दर्शन के लिए सुबह से ही भक्तों के लिए पट खोल दिए जाएंगे। इस दौरान करीब 3 हजार लोगों के आने की संभावना जताई जा रही है। वहीं अंत में प्रसाद का वितरण किया जाएगा। देर शाम तक विशेष भजन संध्या का भी आयोजन होगा। रासलीला और आकर्षक झांकियां भी दिखेंगी मंदिर समिति ने बताया, झांकी और रासलीला कार्यक्रम आयोजित होगा। जहां झांकियों के माध्यम से राधा रानी के जन्म से लेकर बड़े होने तक की लीलाएं दिखाई जाएंगी। इसके अलावा राधा रानी और कृष्ण की रासलीला का भी स्वर्णिम प्रस्तुतिकरण होगा।