सोनभद्र। जिले की सरकारी इमारतें अब सौर ऊर्जा से जगमग होंगे। सरकारी भवनों को ग्रीन एनर्जी के रूप में बदलने की कवायद शुरू हो गई है। चुर्क मोड़ स्थित सर्किट हाउस, आयुष अस्पताल के साथ ही आवासीय विद्यालय, पुलिस लाइन एवं पीएसी बहुआर समेत 11 सरकारी भवनों की छतों पर सोलर पैनल लगेंगे। सरकारी भवनों की छतों पर 2000 किलोवॉट से अधिक का ऊर्जा उत्पादन होगा। इससे न सिर्फ बिजली की खपत कम होगी, बल्कि सरकारी कार्यालयों को भरपूर बिजली मिल सकेगी।
नेडा के परियोजना निदेशक चंद्रशेखर के मुताबिक सरकारी कार्यालयों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रमुख सरकारी कार्यालयों पर सौर ऊर्जा (सोलर पैनल) लगाए जा रहे हैं। 11 से अधिक सरकारी भवनों की छतों पर रेस्को मोड पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। बताया कि 25 किलोवॉट से अधिक के सोलर पैनल रेस्को मोड पर लगाए जा रहे हैं। इसमें लाभार्थी संस्था को धनराशि नहीं देनी होती है। जबकि 25 किलोवॉट से कम सोलर पैनल एस्को मोड पर लगाया जाता है। इसमें लाभार्थी संस्था से धनराशि ली जाती है। शासन से नामित लखनऊ की संस्था लार्ड मार्क इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड सोलर पैनल लगा रहा है। चार माह के अंदर सोलर पैनल लग जाएंगे। सोलर पैनल लगाने पर 60 हजार रुपये प्रति किलोवॉट खर्च आ रहा है। सरकारी कार्यालयों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगने से 70 से 75 प्रतिशत बिजली की खपत कम होगी।
विकास भवन में 70 किलोवॉट का लगेगा पैनल
लोढ़ी स्थित विकास भवन में 25 किलोवॉट का सोलर पैनल पहले से लगा है। हालांकि यह ऑफ ग्रिड है। यहां 70 किलोवॉट का अतिरिक्त सोलर पैनल रेस्को मोड पर लगाया जाएगा। कलेक्ट्रेट भवन पर 100 किलोवॉट का सोलर पैनल लगाया जाना है। -
इन भवनों पर भी लगेंगे सौर ऊर्जा संयंत्र
योजना के तहत चुर्क मोड़ स्थित सर्किट हाउस पर 112 और अटल आवासीय विद्यालय गुरमुरा में 175 किलोवॉट की क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जाएगा। लोढ़ी स्थित आयुष अस्पताल में 50 किलोवॉट, पुलिस लाइंस चुर्क में 182 किलोवॉट, पीएसी बहुआर में 80 किलोवाॅट, एकलव्य आवासीय विद्यालय पीपरखाड़ कोन में 50 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जाएगा। सभी थानों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया जाना है। स्वशासी राज्य मेडिकल कॉलेज सोनभद्र में 500 किलोवॉट का संयंत्र लगाया जा चुका है। राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज चुर्क में 565 किलोवॉट का संयंत्र लगाने का काम आखिरी चरण में है।
सरकारी कार्यालय के भवनों पर रेस्को मोड पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाए जा रहे हैं। वर्क आर्डर बन गया है। कार्यदायी संस्था चार माह में सौर ऊर्जा संयंत्र लगा देगी। इससे 70 से 75 फीसदी बिजली की खपत कम होगी। - चंद्रशेखर, पीओ नेडा-सोनभद्र।