बभनी। थाना क्षेत्र के नधिरा-बखरिहवा मार्ग पर रविवार की शाम तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से बाइक सवार मनोहर (27) की मौत हो गई। जबकि बाइक पर बैठी एक महिला समेत दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गय। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर में उपचार चल रहा है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के करहिया गांव के रहने वाले मनोहर (27), रामपती (55) पत्नी बैजनाथ निवासी नधिरा, सोमारू (25) पुत्र जारी सिंह निवासी बघाडू एक बाइक से बीजपुर की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह बैरागो गांव से निकली सड़क से होकर नधिरा-बखरिहवा मार्ग पर पहुंचे, उसी समय रेणुकूट से बीजपुर की तरफ तेज रफ्तार जा रही कार की चपेट में आ गए। घटना में बाइक की पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। मनोहर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के जरिये दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया। बभनी थाना प्रभारी कमलेश पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। घायलों का उपचार म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। उधर, क्षेत्र के लोगों का कहना है कि बैरागो मोड़ पर अक्सर घटना होती रहती है। यहां ब्रेकर के साथ ही अन्य सुरक्षा उपायों के लिए कई बार आवाज उठाई जा चुकी है। लेकिन संजीदगी न दिखाए जाने से हादसों का सिलसिला बना हुआ है।