‘पारदर्शिता के लिए लागू की ई-प्रणाली’
नूंह। प्रदेश सरकार पारदर्शिता के साथ विकास कार्य करवा रही है। यही पारदर्शिता सुशासन का एक महत्वपूर्ण पहलू होता है। लोगों को सेवाएं देने के लिए सरकार का मुख्य फोकस ई-प्रणाली को लागू करने पर है। यह बातें शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पं. मदन मोहन मालवीय की जयंती के अवसर पर जिले में आयोजित सुशासन दिवस कार्यक्रम में प्रदेश के सहकारिता और अनुसूचित जाति एवं पिछड़े वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने कहीं।
उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की ‘हार नहीं मानूंगा, रार नई ठानूंगा’ कविता का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार भी इसी राह पर चलते हुए प्रदेश के लोगों की सेवा कर रही है। इस कविता का मूल यही है कि हमें हार भी नहीं माननी है और किसी से विवाद भी नहीं करना। सकारात्मक भाव से लोगों की सेवा करनी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों के हितैषी हैं। किसानों के हित के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं। कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर किसानों से बातचीत के लिए तैयार हैं। देश में कहीं पर भी एमएसपी खत्म नहीं होगी। तीनों नए कृषि कानूनों में किसानों को अधिकार दिया गया है कि वे अपनी फसल का मूल्य मंडी से बाहर ज्यादा मिल रहा है, तो वहां बेच सकते हैं।
गुड गवर्नेंस के माध्यम से सरकार ने अंत्योदय सरल केंद्रों और अटल सेवा केंद्रों की स्थापना की है। लोगों को उनके घरों के पास सभी योजनाओं की जानकारी मिल जाएगी। इस मौके पर नूंह के एसडीएम संजीव कुमार, नगराधीश सचिव प्रादेशिक गौरव अंतिल, सीएमजीजीए धनश्री, डीएसपी सुधीर तनेजा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेंद्र पटेल, चेयरमैन जाहिद हुसैन, जिला मीडिया प्रभारी मनीष जैन, ताहिर हुसैन आदि मौजूद रहे।
ग्राम सचिवालयों को वाई-फाई से जोड़ा गया
उपायुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने बताया कि जिले के सभी ग्राम सचिवालयों को वाई-फाई से जोड़ दिया गया है। सभी सरकारी भवनों पर सोलर लाइट और पानी की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। लोगों को सभी योजनाओं का लाभ जल्द मिलना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई होने पर अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
अधिकारियों को किया सम्मानित
इस अवसर पर कोरोना काल में कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें नगराधीश गजेंद्र सिंह, जिला बागवानी अधिकारी डॉ. दीन मोहम्मद, लीड बैंक मैनेजर आलोक कुमार, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अनूप जाखड़, डीआईओ नदीम अख्तर, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. बसंत दुबे, उपायुक्त कार्यालय के सहायक अजय कुमार आदि शामिल हैं।