तेजी से बढ़ रहा है राप्ती नदी का जलस्तर, सदर तहसील के उतरासोत गांव के सामने कटान कर रही नदी
कमिश्नर-डीएम ने कटान स्थल का निरीक्षण कर बाढ़ से बचाव की तैयारियों का लिया जायजा
गोरखपुर। नेपाल की पहाड़ियों पर लगातार हो रही बारिश का असर वहां से निकलने वाली नदियों के जलस्तर पर पड़ रहा है। गोरखपुर से होकर बहने वाली रोहिन नदी तिनमुहानी घाट पर खतरे के निशान से 62 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई है। वहीं सरयू नदी का जलस्तर बरहज (देवरिया) में खतरे के निशान से 80 सेंटीमीटर पहुंच गया है। राप्ती नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है।
बीते 24 घंटे में राप्ती नदी बर्डघाट (नौसड़) में 47 सेमी बढ़ा है। नदी अब खतरे के निशान से मात्र 35 सेमी नीचे है। बृहस्पतिवार सुबह नदी की धारा गाहासाड़-कोलिया तटबंध के स्पर नंबर छह व सात के बीच तेजी से कटान करने लगी। वहां बचाव कार्य हो रहा है। दोपहर डीएम कमिश्नर और डीएम ने कटान स्थल का निरीक्षण कर बचाव कार्य तेज करने का निर्देश दिया।
सोमवार से ही नेपाल के पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हो रही है। इससे नेपाल से निकलकर गोरखपुर आने वाली सभी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। पिछले सप्ताह खतरे के निशान से करीब साढ़े तीन मीटर नीचे बह रही राप्ती नदी में मंगलवार से बृहस्पतिवार की शाम तक करीब तीन मीटर पानी बढ़ गया है। राप्ती नदी कालेसर से नौसड़ के बीच अंग्रेजी के एस अक्षर के आकार में घुमावदार होकर बहती है। बृहस्पतिवार को सुबह पानी का बहाव तेज होने के साथ ही उतरासोत गांव के सामने नदी कटान करने लगी। जल्द ही यहां ठोकर नंबर छह व सात के बीच कटान होने लगा। किनारे की मजबूत मिट्टी को कटता देख ग्रामीण सहम गए और सिंचाई विभाग को इसकी सूचना दी। सुबह 10 बजे सिंचाई विभाग के अभियंता मौके पर पहुंचे और पेड़ की डालियां और बांस के अलावा ईंट के टुकड़े आदि को बोरियों में भरकर डलवाना शुरू किया। दोपहर बाद कमिश्नर अनिल ढींगरा और डीएम दीपक मीणा समेत अन्य अफसर मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की जानकारी ली।
वहीं रोहिन नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बुधवार को खतरे के निशान से नीचे बह रही रोहिन बृहस्पतिवार को सुबह 47 सेंटीमीटर और शाम को 62 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गई। अभी शुक्रवार को जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। इसके अलावा पहले से ही खतरे के निशान से ऊपर बह रही सरयू नदी का जलस्तर और ऊपर पहुंच गया है। बृहस्पतिवार की शाम को नदी बरहज गेज पर खतरे के निशान से 80 सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी। इसका प्रभाव गोला तहसील में सबसे अधिक बड़हलगंज ब्लाक में पड़ रहा है। राप्ती की सहायक नदी गोर्रा का जलस्तर भी बढ़ रहा है। यह नदी अब खतरे के निशान से केवल एक मीटर नीचे है।
-
सीएम कार्यालय से ली गई बाढ़ की जानकारी
उतरासोत गांव के पास राप्ती नदी के कटान की सूचना सीएम योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गई। भाजपा नेता सुदर्शन निषाद ने सीएम के ओएसडी बल्लू राय को इसकी जानकारी दी। इसके बाद प्रशासन से इसकी जानकारी मांगी गई। इसके बाद बाढ़ खंड के अभियंताओं ने मौजूदा हालात की पूरी जानकारी दी। सीएम कार्यालय से मामले पर लगातार नजर रखने और कटान रोकने के लिए हर संभव प्रयास के निर्देश दिए गए।
वर्जन
राप्ती नदी उतरासोत गांव के पास कटान कर रही है। वहीं रोहिन नदी मछलीगांव-अलगटपुर तटबंध के पास कटान कर रही थी, लेकिन जलस्तर बढ़ने के बाद वहां कटान रुक गया है। विभाग पूरी तरह से सतर्क है। स्थिति नियंत्रण में है, कहीं कोई चिंता की बात नहीं है।
केपी सिंह, अधीक्षण अभियंता, सिंचाई विभाग