बाइक सवार बदमाश भागे, पर्स में सोने की लाकेट, मंगलसूत्र, दो मोबाइल और नकदी
सीसीटीवी फुटेज के सहारे पुलिस ने शुरू की तलाश, रविवार रात केस दर्ज
पादरी बाजार (गोरखपुर)। शहर में लूट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार शाम शाहपुर इलाके के फातिमा बाईपास स्थित श्रीराम चौराहे के पास बदमाश ई-रिक्शा में सवार युवती ललिता का पर्स छीनकर भाग गए। पर्स में सोने के जेवर, दो मोबाइल और तीन हजार रुपये थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। देर रात मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।
शाहपुर क्षेत्र के जंगल तिनकोनिया नंबर एक के आंबेडकर नगर कॉलोनी निवासी ललिता शुक्रवार को अपने पिता सत्तन प्रसाद की दवा कराने गुलरिहा के बरगदही गई थीं। पिता के इलाज के बाद शाम करीब 5:15 बजे वह ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं। जैसे ही ई-रिक्शा फातिमा बाईपास के श्रीराम चौराहे के आगे पहुंचा, पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर हाथ से पर्स छीन लिया और पादरी बाजार की तरफ भाग गए। युवती के शोर मचाने पर मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। शाहपुर पुलिस ने पहुंचकर पीड़िता से पूछताछ की। युवती ने बताया कि पर्स में सोने की लाकेट, मंगलसूत्र, दो मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये थे। थानाप्रभारी नीरज राय ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान जल्द की जाएगी और उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।