अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं में आक्रोश
सहजनवां। उपजिलाधिकारी (एसडीएम) के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई अभद्र टिप्पणी को लेकर अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। मामले को गंभीर मानते हुए अधिवक्ताओं ने सहजनवां थाने पर तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, फेसबुक के एक अकाउंट पर एसडीएम के प्रति अभद्र टिप्पणी की गई, जिसके समर्थन में दो अन्य अकाउंट से भी आपत्तिजनक प्रतिक्रियाएं की गईं। इस पोस्ट के वायरल होते ही क्षेत्र के अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता गुस्से में आ गए और इसे प्रशासनिक पद की गरिमा के खिलाफ बताया।
अधिवक्ताओं ने कहा कि किसी भी सरकारी अधिकारी के खिलाफ इस तरह की अभद्र टिप्पणी कानूनन अपराध है और समाज में गलत संदेश देती है। उन्होंने मांग की कि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ आईटी एक्ट सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने अधिवक्ताओं की तहरीर पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी महेश चौबे ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट और संबंधित अकाउंट्स की साइबर सेल से जांच कराई जा रही है। दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।