धर्मशाला बाजार का मामला, संकरे रास्ते से जूझते रहे दमकल कर्मियों ने आग को किया काबू
गोरखपुर। धर्मशाला बाजार स्थित तिवारी हाता के सामने बुधवार सुबह सजन साउंड की दुकान में आग लग गई। बताया जा रहा है पूजा के दीपक को चूहा खींच ले गया, जिससे आग लग गई। इसमें साउंड सिस्टम के वायर, तकनीकी उपकरण और घरेलू सामान जल गए। सूचना पर दमकल टीम संकरे रास्ते से जूझते हुए पहुंची और आग को काबू किया।
दुकान मालिक आनंद जायसवाल के अनुसार, वह 30 वर्षों से व्यापार कर रहे हैं। उनका साउंड सिस्टम मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों तक में इस्तेमाल होता रहा है। इस बार भी दो अक्तूबर को रामलीला मैदान, मानसरोवर रोड पर आयोजित रथ यात्रा और जनसभा के लिए उनका साउंड सिस्टम बुक है। आग की शुरुआत सुबह पूजा के दौरान हुई। आनंद जायसवाल की पत्नी ने दुकान में बने मंदिर में दीपक जलाया था। बताया जा रहा है कि दीपक को चूहा खींच ले गया, जिससे आग लग गई। सुबह करीब 10:50 बजे पड़ोसी दुर्गेश ने दूसरी मंजिल पर धुआं और आग की लपटें देख शोर मचाया। आनन-फानन में परिवार व मोहल्ले के लोग बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन आग काबू से बाहर हो गई। सूचना मिलते ही गोलघर फायर स्टेशन से करीब 11:25 बजे दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। रास्ता संकरा होने के चलते दमकलकर्मियों को घर तक पहुंचने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया।
फायर स्टेशन अधिकारी शांतनु कुमार यादव ने कहा कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, वरना यह रिहायशी इलाके में बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने नवरात्र के दौरान पूजा-पाठ करते समय विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी।