नूंह। ठंड बढ़ते ही शहर में चोरी की वारदात लगातार बढ़ती जा रही है। यहां कहीं दुकानों के ताले टूट रहे हैं तो कहीं वाहन चोरी हो रहे हैं। शनिवार देर रात 3 बजे एक बार फिर नूंह शहर में चोरी की वारदात सामने आई है। तीन चोरों ने सब्जीमंडी के सामने एक किराना के गोदाम से लाखों का सामान चोरी कर लिया। रविवार सुबह दुकानदार इमरान निवासी अड़बर को सूचना मिली तो मौके पर पहुंचा। पुलिस ने भी मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया। शिकायत पर पुलिस ने रविवार को अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पूरी वारदात पास के सीसीटीवी में कैद हो गई है। वहीं नूंह सिटी थाना एसएचओ भगवत प्रसाद ने कहा कि पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुटी हुई है। चोरों का पता लगाया जा रहा है।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि सीसीटीवी में दिख रहा कि तीन अज्ञात चोर लाल रंग की कार में सामान भरकर ले जा रहे हैं। जबकि सिटी थाना एचएचओ भगवत प्रसाद कहते हैं कि शनिवार की रात साढ़े तीन बजे चोरी के समय पुलिस मौके पहुंच गई और चोरों की काले रंग की स्कॉरपियो गाड़ी का पीछा किया, लेकिन चोर पुलिस पर रॉड फेंक फरार हो गए। पीड़ित दुकानदार इमरान ने कहा कि दुकान से सामान चोरी होने के बारे में थाना प्रभारी भगवत प्रसाद को बताया तो थाना प्रभारी ने कहा कि सामान चोरी नहीं हुआ। जब इस बारे में सबूत के साथ साक्ष्य दिए तो थाना प्रभारी ने सामान चोरी होने के बारे यकीन किया। वहीं शहर के मारिया मंजिल स्कूल में अज्ञात चोरों ने बोलेरो गाड़ी को चोरी कर लिया। शनिवार की रात डेढ़ बजे स्कूल गेट का ताला तोड़ अज्ञात चोरों ने स्कूल परिसर में खड़ी बोलेरो गाड़ी को चोरी कर ले गए।
दुकानदारों ने कहा रोष प्रकट कर बाजार करेंगे बंद
शहर में बढ़ती चोरी की वारदात को लेकर दुकानदारों ने पुलिस से साफ कह दिया कि पुलिस या तो चोरों का पता लगाए नहीं तो दुकानदार रोष प्रकट करते हुए बाजार बंद करने में उतारू होंगे। स्थानीय पुलिस की अनदेखी व लापरवाही के चलते दुकानों के ताले टूट रहे हैं।