दादरी। जीटी रोड स्थित गोयल टेलीकॉम की छत के गेट को काटकर चोरों ने डेढ़ सौ अधिक मोबाइल फोन, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर समेत करीब 25 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना की तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस टीम ने मौके से फिंगर प्रिंट के नमूने लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक मोहल्ला न्यादरगंज निवासी गौरव गोयल व ईशू की जीटी रोड पर गोयल टेलीकॉम नाम से दुकान चलाते हैं। रोजाना की तरह सोमवार देर शाम दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। रात को दुकान की छत पर लोहे का गेट काटकर चोर अंदर घुस आए। चोरों ने दूसरी मंजिल पर बने लोहे के एक और गेट को काट दिया। नीचे दुकान से सैंमसंग, ओप्पो, वीवो, मोटोरोला समेत कई कंपनियों के 150 से अधिक मोबाइल फोन, दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।
मंगलवार सुबह जब ईशू ने दुकान का शटर खोला तो सामान बिखरा हुआ था। मोबाइल गायब थे। दुकान से करीब 25 लाख का सामान चोरी बताया गया है। घटना की सूचना आसपास के व्यापारियों को दी गई। सूचना पाकर आसपास से लोग मौके पर पहुंच गये। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। पुलिस की ओर से आसपास की दुकानों और पास स्थित आईसीआईसीआई बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार विश्नोई का कहना है कि पुलिस की दो टीम मामले की जांच कर रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
बंद पड़ी फैक्ट्रियों में चोरी करने वाले पांच गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने बंद फैक्ट्रियों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है। आरोपी मूलरूप से बुलंदशहर के रहने वाले हैं और हबीबपुर गांव में किराये पर रहकर वारदात अंजाम दे रहे थे। आरोपी सुत्याना गांव के कबाड़ी को चोरी का माल बेचने आए थे। इसी दौरान पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों ने एक साप्ताहिक समाचार पत्र की प्रेस में दिसंबर में चोरी की थी।
पुलिस के अनुसार, ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में पूर्व में कई बंद पड़ी फैक्ट्रियों में चोरियां हो चुकी हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि सुत्याना गांव के कबाड़ी चांद के पास गिरोह के बदमाश सामान बेचने आए हैं। पुलिस ने मौके से बुलंदशहर निवासी मोहम्मद चांद, आजाद, अब्दुल अजीम, बॉबी व शाहिद को गिरफ्तार कर लिया। चांद कबाड़ी है और चोरियां भी करता है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 दिसंबर 2021 को एक साप्ताहिक समाचार पत्र की प्रेस से चुराई समाचार पत्र छापने की 28 सिल्वर शीट, बड़ी बैटरी, मोटर आदि सामान बरामद किया। गौतमबुद्ध नगर व बुलंदशहर के कई थानों में चांद पर दस, आजाद पर छह, शाहिद पर पांच, अब्दुल अजीम पर 12 और बॉबी पर सात केस दर्ज हैं।