-बदमाशों ने प्रसाद के लड्डू खिलाकर चालक को किया बेहोश
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। कुंडली–मानेसर एक्सप्रेसवे (केएमपी) पर एक गाड़ी चालक को प्रसाद का लड्डू खिलाकर बेहोश करने और गाड़ी से माल व सामान लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित चालक देवराज पुत्र मोहनलाल गुर्जर निवासी माता जी का थांवला, जिला टोंक (राजस्थान) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 जनवरी को वह मध्य प्रदेश के सारंगपुर से मसूर दाल लोड कर अपनी गाड़ी से दिल्ली के नरेला जा रहा था। वह केएमपी एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली-मुंबई हाईवे के पास उतरा, तभी एक अनजान व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी। लिफ्ट देने से इनकार करने पर उस व्यक्ति ने बालाजी का प्रसाद बताते हुए लड्डू दिए, जिसे उसने खा लिया। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद चालक को चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गया। जब उसे होश आया तो वह चंद्रवास बाईपास स्थित रिद्धि सिद्धि होटल के सामने पड़ा मिला, जबकि उसकी गाड़ी गायब थी। बाद में एक अनजान नंबर से फोन आया और बताया गया कि गाड़ी तावडू बाईपास पर खड़ी है। मौके पर पहुंचने पर गाड़ी खाली मिली और उसकी बैटरी भी गायब थी। पुलिस ने संबंधित थाना रोजका मेव में मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।