-ऐंचवाड़ी के पास हुई घटना, सूचना मिलते ही सक्रिय हुआ बिजली विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
पिनगवां । खंड के ऐंचवाड़ी गांव के पास देर रात करीब 11 हजार वोल्टेज की बिजली लाइन का तार टूट जाने से इलाके में कई घंटों तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। तार टूटते ही उसमें भीषण आग लग गई और आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे दूर से ही साफ दिखाई दे रही थी। आग की लपटें देखकर गांव में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
तार टूटने की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत बिजली विभाग को दी, जिसके बाद सुरक्षा के मद्देनज़र लाइन को बंद किया गया। ग्रामीण जावेद खान, आरिफ खान, कुलदीप, अल्ताब और दाऊद ने बताया कि गांव के पास लगे बिजली के तार काफी पुराने और बेहद पतले हो चुके हैं। इसी कारण आए दिन तार टूटने की घटनाएं हो रही हैं। कुछ दिन पहले भी इसी लाइन का तार टूटकर गिर गया था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते तारों को नहीं बदला गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी बिजेंद्र और कासिम अपनी टीम के साथ रविवार को मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने कड़ी मेहनत कर टूटे तार को जोड़ा और विद्युत आपूर्ति बहाल कराई। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली कर्मचारियों की तत्परता और मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि विभाग के कर्मचारी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच जाते हैं और लोगों को परेशानी से बचाते हैं।