- गोल्फ ग्रीन बिल्डकॉन पर स्टांप का 5.31 करोड़ बकाया, अंसल बिल्डर पर 77 करोड़ बकाया
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दादरी तहसील की टीम ने बृहस्पतिवार को बकायेदार बिल्डरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। बृहस्पतिवार को तहसील की टीम ने स्टांप शुल्क का बकाया जमा नहीं करने पर नोएडा स्थित गोल्फ ग्रीन बिल्डकॉन बिल्डर का कार्यालय सील कर दिया। जबकि अंसल हाइटेक टाउनशिप और उत्तर स्टील्स एंड एसोसिएट्स बिल्डर के कार्यालय पर मुनादी कराई है। बिल्डर को 24 घंटे का समय दिया गया है। अंसल पर यूपी रेरा की 300 से ज्यादा आरसी का 77 करोड़ रुपये से अधिक बकाया हैं।
एसडीएम दादरी अभिनेंद्र सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार को अंसल हाईटेक टाउनशिप लिमिटेड और उत्तम स्टील एंड एसोसिएट के प्रोजेक्ट और सील कार्यालय पर मुनादी कराई गई है। 24 घंटे में बिल्डर ने पैसा जमा नहीं कराया तो फिर उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के नियमों के तहत गिरफ्तारी वारंट जारी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पैसा नही देने पर बिल्डर की 16 हेक्टेयर ज़मीन को कुर्क किया जा चुका है। अगले माह इसकी नीलामी होगी। वही नोएडा के सेक्टर 79 में गोल्फ ग्रीन बिल्डकॉन बिल्डर का कार्यालय सील किया गया है। बिल्डर पर स्टाम्प शुल्क का 5.31 करोड़ बकाया है। बिल्डर के इस प्रोजेक्ट का आधा हिस्सा अभी निर्माणाधीन है। बकाया जमा करने के बाद ही सेल्स ऑफिस को खोला जाएगा।