संभल। उत्तर प्रदेश सरकार के द्वारा संभल के तीर्थ के जीर्णोद्धार के लिए धनराशि जारी करने पर सपा विधायक इकबाल महमूद ने तंज कसा है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंदिर भगवान का घर है, इसे भगवान संभाल लेंगे। प्रदेश सरकार को जनता के बारे में सोचना चाहिए। सरकार में बैठे लोगों को यह समझना चाहिए कि वह जिनके वोट लेकर संसद तक पहुंचे हैं, उनका ध्यान रखा जाए।
संभल के मियां सराय स्थित अपने आवास पर इकबाल महमूद ने कहा शेरजंग की ज़्यारत का पैसा रिलीज हुआ। उद्घाटन लखनऊ में हो गया लेकिन संभल में आज तक एक ईंट न लगी। उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए पूछा कि आप तीर्थ स्थलों के विकास के लिए पैसा दे रहे हैं लेकिन यह बताएं कि आपने टूटी सड़कें, नौजवानों के लिए रोजगार, कॉलेज और यूनिवर्सिटी, किसानों को खाद-बीज, इन सबके लिए क्या किया। संभल के मेडिकल कॉलेज पर भी निशाना साधा, कहा कि पीपीपी मॉडल में गरीब का क्या फायदा, सरकारी कॉलेज होता तो जनता सीधे लाभान्वित होती।