नोएडा। सेक्टर 31 स्थित आईटीआई कार्यालय ।
- आईटीआई में इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स और कोपा जैसे ट्रेड बने पसंद, दो साल में 92 छात्राओं को मिला रोजगार
मो. सफीक खान
नोएडा। सेक्टर-31 स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में छात्राओं का तकनीकी शिक्षा की ओर रुझान तेजी से बढ़ रहा है। वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में छात्राओं के प्रवेश में करीब 83 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अब छात्राएं केवल पारंपरिक ट्रेडों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा) जैसे तकनीकी ट्रेडों को भी अपना रही हैं। पिछले दो वर्षों में संस्थान की 92 छात्राओं को विभिन्न कंपनियों में रोजगार मिला है।
संस्थान के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में कुल 304 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था, जिनमें 36 छात्राएं थीं। वहीं वर्ष 2025 में कुल प्रवेश बढ़कर 421 हो गए, जिनमें 66 छात्राएं शामिल हैं। छात्राओं ने सबसे अधिक कॉस्मेटोलॉजी, कोपा और इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक ट्रेड में दाखिला लिया। इस वर्ष इलेक्ट्रीशियन जैसे तकनीकी ट्रेड में भी उनकी भागीदारी बढ़ी है। छात्राओं को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ने के लिए संस्थान ने विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाए। इनमें तकनीकी प्रशिक्षण, रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों का कहना है कि कुछ छात्राएं डिप्लोमा और डिग्री पाठ्यक्रमों की ओर रुख कर रही हैं, फिर भी तकनीकी ट्रेडों के प्रति उनका रुझान लगातार मजबूत हो रहा है।
कोट-
संस्थान आधुनिक तकनीक के अनुरूप प्रशिक्षण और नियमित प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित कर रहा है। उद्देश्य अधिक से अधिक छात्राओं को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़कर उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। -अवनीन्द्र कुमार पाण्डेय, प्रधानाचार्य, आईटीआई