वाईडी कॉलेज में फार्म जमा करने के लिए लगी छात्राओं की लंबी लाइन। संवाद
लखीमपुर खीरी। युवराज दत्त (वाईडी) महाविद्यालय में उच्च शिक्षा के लिए दाखिला लेने में छात्रों के मुकाबले छात्राओं की संख्या अधिक है। बीए-बीएससी और बीकॉम में सबसे ज्यादा लड़कियां ही अध्ययनरत हैं।
कॉलेज प्रशासन का कहना है कि नियमित कक्षाओं के अलावा अन्य गतिविधियों में भी छात्राएं हिस्सा ले रही हैं। कारोबार के अलावा पढ़ाई के क्षेत्र में भी छात्राएं आगे निकलकर अपना भविष्य संवारने में जुटी हैं। महाविद्यालय में इस बार भी छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर आवेदन किए। पिछले साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो साल 2024-25 में 2855 छात्रों के सापेक्ष 3508 छात्राओं ने प्रवेश के लिए आवेदन किए।
वर्तमान सत्र 2025-26 में 2793 छात्रों के सापेक्ष 3784 छात्राएं अध्ययनरत हैं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि बीए प्रथम सेमेस्टर में इस बार 600 छात्रों ने प्रवेश लिया, जबकि छात्राओं की संख्या 811 रही। तीसरे सेमेस्टर में 479 छात्रों के सापेक्ष 676 छात्राएं व पांचवें सेमेस्टर में 404 छात्रों के सापेक्ष 634 छात्राएं पढ़ाई कर रही हैं।
प्राचार्य ने बताया कि छात्राओं को समय-समय पर कॉलेज परिसर में होने वाले विभिन्न जागरूकता और कॅरिअर काउंसलिंग कार्यक्रमों में हिस्सा दिलाया जाता रहा है। अब छात्राएं खुद ही इस तरह के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए आगे आ रही हैं।