साहिबाबाद। शनिवार को लगातार चौथे दिन देश का सबसे प्रदूषित शहर गाजियाबाद रहा। शाम चार बजे समीर एप पर गाजियाबाद का एक्यूआई 434 दर्ज किया गया। चौबीस घंटे के अंतराल में 12 अंकों की बढ़ोत्तरी रही। तकनीकी कारणों से वसुंधरा का एक्यूआई दर्ज नहीं हो सका। अन्य तीनों स्टेशनों का एक्यूआई फिर से 400 के पार ही रहा।
चार दिन से लगातार और इस सीजन में गाजियाबाद नौंवे दिन भी प्रदूषण के मामले में पहले स्थान पर रहा। लगातार पानी के छिड़काव और अन्य व्यवस्थाएं करने के बावजूद हवा की सेहत में कोई सुधार नहीं है। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि प्रदूषण के कारक क्या हैं और हवा में सुधार क्यों नहीं हो रहा। इसके लिए विज्ञान विषय के पांच वरिष्ठ प्रोफेसर की समिति गठित की गई है। यह लोग हॉट स्पॉट पर जाकर सर्वे कर रहे हैं।
समिति की रिपोर्ट के बाद और प्रभावी तरीके से प्रदूषण से बचाव के लिए कार्य किए जाएंगे। लगातार हवा के जहरीले होने से अब सामान्य लोगों को भी गले में खराश, खांसी, आंखों से पानी आने की शिकायत शुरू हो गई है। सांस के मरीजों की स्थिति पहले से अधिक खराब हो गई है।
गाजियाबाद के चारों स्टेशनों का एक्यूआई
इंदिरापुरम- 417
संजयनगर- 423
लोनी- 462
वसुंधरा-
-
पिछले दिनों का एक्यूआई
21 नवंबर 422
20 नवंबर 430
19 नवंबर 422
18 नवंबर 434
17 नवंबर 401
16 नवंबर 419