-ट्विशा शर्मा मौत मामले में 16 एवेन्यू सोसायटी के निवासियों ने पीड़ित परिवारे के साथ दिखाई एकजुटता
-पिता नवनीधि शर्मा बोले-यह सिर्फ मेरी बेटी का नहीं, व्यवस्था की जवाबदेही का मामला, आरोपियों को हो सजा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। 16 एवेन्यू सोसाइटी निवासी ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में शनिवार शाम सोसाइटी के निवासियों ने शांतिपूर्ण मार्च निकालकर न्याय की मांग को बुलंद किया। इस दौरान ट्विशा के पिता नवनीधि शर्मा ने भावुक शब्दों में अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि उनकी लड़ाई केवल बेटी के लिए न्याय की नहीं, बल्कि एक ऐसी व्यवस्था के खिलाफ भी है, जहां पीड़ित परिवार को अपनी बात सुनाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है।
नवनीधि शर्मा ने कहा, घटना के बाद हम एफआईआर दर्ज कराने के लिए दर-दर भटकते रहे। हमने अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन लंबे समय तक यानी 15 मई तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उस समय हमें ऐसा महसूस हुआ कि हम केवल एक घटना से नहीं, बल्कि एक ऐसे सिस्टम से लड़ रहे हैं, जहां प्रभावशाली लोगों के कारण निष्पक्ष कार्रवाई प्रभावित हो सकती है, उन्होंने कहा कि आरोपी पक्ष का परिवार प्रभावशाली पदों से जुड़ा रहा है और इसी वजह से शुरुआत में न्याय मिलने की उम्मीद कमजोर पड़ती दिखाई दी। हालांकि अब उन्हें केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की जांच पर भरोसा है।
ट्विशा के पिता ने कहा कि इस मामले को देश के सर्वोच्च न्यायालय ने भी गंभीरता से लिया है। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने मामले का संज्ञान लिया। न्यायालय ने माना कि जांच में संस्थागत पक्षपात की आशंका रही है। यह केवल ट्विशा का मामला नहीं है, बल्कि ऐसा उदाहरण बनना चाहिए जिससे भविष्य में किसी दूसरी बेटी को अपनी जान न गंवानी पड़े। कैंडल मार्च में के-ब्लॉक सहित सोसाइटी के विभिन्न टावरों के निवासी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने ट्विशा को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। निवासियों ने कहा कि मामले को किसी भी स्तर पर कमजोर नहीं पड़ने दिया जाना चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उनका कहना था कि यदि समय पर और निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित नहीं किया गया तो समाज में गलत संदेश जाएगा।