ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली पुलिस ने फैक्टरी में काम करने वाले कर्मचारी की शिकायत पर फैक्टरी मालिक व ठेकेदार के खिलाफ कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज किया है। संभल के नरपाल लुक्सर गांव में किराये पर रहते हैं। वह एक साल पहले कासना साइट-5 स्थित एक फैक्टरी में एक ठेकेदार के पास हेल्पर का काम करते थे। काम के दौरान उनका बायां हाथ प्रेस मशीन में आ गया था। उपचार के दौरान उसके हाथ की दो उंगली काटनी पड़ी थी। उस दौरान फैक्टरी के मालिक व ठेकेदार ने हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया था। हाथ ठीक होने के बाद फरवरी 2025 में फैक्टरी में काम मांगने गए तो वहां से भगा दिया। वहीं, कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ल का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस ने महिला को दिलाया बकाया वेतन
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली में एक महिला वेतन रोकने की शिकायत लेकर पहुंच गई। पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेकर क्लीनिक मालिक से बात की। महिला को बकाया वेतन दिलवाया। कोतवाली प्रभारी मनोज सिंह का कहना है कि बृहस्पतिवार को एक महिला ने सूचना दी कि वह एक क्लीनिक पर काम करती थी। उसके मालिक ने वेतन में से पैसे काट लिए हैं। मिशन शक्ति अभियान-5.0 के अंतर्गत महिला सशक्तीकरण एवं सुरक्षा को लेकर निरंतर पहल की जा रही है। इसी क्रम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फ्यूजन होम्स सोसायटी स्थित क्लीनिक पर पहुंची। क्लीनिक मालिक से वार्ता कर महिला को उसके वेतन से काटे गए 5 हजार रुपये वापस दिलवाए।
वाहन चोरी में वांछित आरोपी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को वाहन चोरी के मामले में करीब एक साल से वांछित चल रहे आरोपी को हापुड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनीश उर्फ बबलू निवासी हापुड़ के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी एक शातिर वाहन चोर है। जो रेकी करके अपने सह आरोपियों के साथ मिलकर नोएडा, ग्रेटर नोएडा, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी करता है। चोरी के वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चलाता हैं। मामले में सह आरोपियों को 30 अक्तूबर 2024 को फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी के खिलाफ चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।