दादरी। तिलपता स्थित कंटेनर डिपो में कंटेनरों के आवागमन में व्यवधान के चलते रूपवास बाइपास पर सोमवार सुबह करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। करीब पांच घंटे तक लगे जाम में कंटेनर, ट्रक और अन्य वाहन फंसे रहे। यह जाम ग्रेटर नोएडा में तिलपता रोटरी तक फैल गया। इससे स्कूली बसों, नौकरीपेशा लोगों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कंटेनर डिपो से निकलने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने और यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के कारण रूपवास बाइपास पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम रूपवास बाइपास से होते हुए जीटी रोड तक पहुंच गया। सुबह के समय स्कूली बस और ड्यूटी पर जाने वाले लोग भी जाम में फंस गए। करीब पांच घंटे तक वाहन रेंगते रहे। जाम के कारण रूपवास बाइपास गोल चक्कर से खेड़ी भनौता गांव की ओर जाने वाला मार्ग भी प्रभावित रहा। वाहन चालकों का आरोप है कि जाम की सूचना पुलिस को फोन पर देने के बावजूद काफी देर तक यातायात सुचारु नहीं हो सका।
एसीपी प्रशाली गंगवार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर भारी वाहनों के आवागमन पर लगी रोक हटने के बाद सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और यातायात को सुचारु कराया।