नोएडा। सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में फ्लैट बेचने के नाम पर दंपती से 76 लाख रुपये की ठगी की गई। आरोप है कि पांच लोगों ने फ्लैट का समझौता कर बैंक के माध्यम से रकम लेने के बाद न तो फ्लैट दिया और न ही पैसे लौटाए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित दंपती की शिकायत पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जेपी विशटाउन निवासी अनिल कुमार और उनकी पत्नी नंदिता कुमार के अनुसार, उन्होंने सेक्टर-96, 97 और 98 स्थित यूनिटेक गोल्फ एंड कंट्री क्लब के द बर्गडी प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदने के लिए हर्ष धीर से संपर्क किया था। 14 अगस्त 2025 को टावर-3 के फ्लैट नंबर-1502 का लिखित समझौता हुआ। बाद में तीन फरवरी 2026 को समझौते की अवधि बढ़ाई गई। आरोप है कि बैंक का कर्ज निपटाने का पत्र दिखाकर उन्हें भरोसे में लिया गया और 17 जुलाई से सात अक्टूबर 2025 के बीच बचत, ओवरड्राफ्ट और गोल्ड लोन के माध्यम से बैंक खातों से कुल 76 लाख रुपये लिए गए।
दंपती का आरोप है कि रकम देने के बाद भी उन्हें फ्लैट नहीं मिला। बाद में जानकारी हुई कि संपत्ति पर बैंक का कर्ज पेगासस एआरसी को हस्तांतरित हो चुका था और उसी फ्लैट को दूसरे लोगों को बेचने की कोशिश की जा रही थी। आरोप है कि 16 अक्टूबर 2026 को रुपये वापस मांगने पर हर्ष धीर ने रकम लौटाने से इनकार कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिए गए। थाना प्रभारी डी पी शुक्ला ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।