- दोस्त के साथ मिलकर दिल्ली के दो दफ्तरों में भी की चोरी, सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-2 स्थित एक फिनटेक कंपनी के कार्यालय से दो लैपटॉप चोरी होने के मामले में पूर्व कर्मचारी की भूमिका सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर दिल्ली स्थित कंपनी के दो अन्य कार्यालयों से भी चार लैपटॉप चोरी किए थे। कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर फेज-1 थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंपनी प्रबंधक अफजल अली के मुताबिक, सेक्टर-2 में फिनटेक क्लाउड कंपनी का कार्यालय है। इसकी सहायक कंपनी डिजायर लोन के दिल्ली के कीर्ति नगर और खिचड़ीपुर में भी कार्यालय हैं। यहां से ग्राहकों को ऋण उपलब्ध कराने का काम किया जाता है। 23 अक्तूबर की सुबह करीब 9 बजे एक व्यक्ति कार्यालय में पहुंचा और दो लैपटॉप बैग में रखकर ले गया। चोरी का पता चलने पर प्रबंधन ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें पूर्व कर्मचारी अजमतुल्लाह की पहचान हुई। वह बिहार के सुपौल जिले के कदमपुरा का रहने वाला है। जांच में सामने आया कि उसने अपने साथी शिवम के साथ मिलकर 19 अक्तूबर को कीर्ति नगर और 25 अक्तूबर को खिचड़ीपुर कार्यालय से भी दो-दो लैपटॉप चोरी किए थे। एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।