एलिवेटेड रोड पर स्कूली बस में मालवाहक वाहन ने मारी टक्कर- बच्चों से भरी बस का शीशा टूटा, हादसे के बाद सहमे बच्चे, किसी को चोट नहीं
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। कोतवाली सेक्टर-24 क्षेत्र में एलिवेटेड रोड पर मंगलवार को बच्चों से भरी एक स्कूली बस हादसे का शिकार हो गई। परीक्षा खत्म होने के बाद बस बच्चों को लेकर गाजियाबाद की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक मालवाहक वाहन ने बस में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के कारण बस का साइड रियर व्यू मिरर टूट गया, जबकि चालक गेट का शीशा चकनाचूर हो गया। राहत की बात रही कि हादसे में किसी बच्चे को चोट नहीं आई।
सेक्टर-40 स्थित एक प्राइवेट स्कूल की बस में 40 से अधिक बच्चे सवार थे। एलिवेटेड रोड पर बस सेक्टर-18 से सेक्टर-61 की तरफ जा रही थी। तभी पास से गुजर रहे मालवाहक वाहन ने उसमें साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस में बैठे बच्चे घबरा गए। कुछ देर के लिए बस में अफरातफरी की स्थिति बन गई। चालक ने बस को नियंत्रित करते हुए सुरक्षित स्थान पर रोका। घटना के बाद बस के क्षतिग्रस्त शीशे और रियर व्यू मिरर को देखकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे में कोई घायल नहीं हुआ। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन के लोग मौके पर पहुंच गए। हालांकि उससे पहले ही उसी बस से बच्चे गंतव्य के लिए रवाना हो गए।