- दादरी कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार, दुपट्टा भी किया बरामद
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। दादरी कोतवाली पुलिस ने पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि खाना नहीं देने पर आरोपी का पत्नी के साथ विवाद हुआ था। इस बात से गुस्से में आकर आरोपी ने दुपट्टे से पत्नी का गला घोंट दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद कर लिया है।
एसीपी प्रशाली गंगवार ने बताया कि पत्नी कविता की हत्या के आरोप में फरार चल रहे आरोपी पति मोहित निवासी चिटहेरा को नवीन मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी शराब का आदी था। इस कारण आए दिन पत्नी के साथ विवाद व झगड़ा होता रहता था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना से पहले भी दोनों के बीच इस बात को लेकर झगड़ा हुआ था। उसके बाद पत्नी ने खाना नहीं बनाने और नहीं देने की बात कहीं। इस पर गुस्से में आकर आरोपी पति ने दुपट्टे से अपनी पत्नी का गला घोंट दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद कर लिया है। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया।