-जिला अस्पताल में दो दिन में 658 श्रद्धालुओं ने करवाया स्वास्थ्य परीक्षण, दो-दो घंटे लाइन में लगना पड़ रहा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। अमरनाथ यात्रा जुलाई में शुरू होने वाली है और यात्रा से पहले स्वास्थ्य परीक्षण करवाने वालों की जिला अस्पताल में भीड़ बढ़ रही है। सोमवार को अस्पताल की ओपीडी के कमरा नंबर 20 में स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा था। इस दौरान वहां पर लंबी लाइन लगी थी और स्वास्थ्य परीक्षण करवाने के लिए पहले हम के चक्कर में कई लोगों के बीच धक्का मुक्की भी हुई। हालांकि कमरे के बाहर मौजूद गार्ड ने स्थिति को संभाला।
बता दें कि तीन दिन पहले ही जिला अस्पताल में अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य परीक्षण शुरू हुआ है। दो दिन की रिपोर्ट के मुताबिक 658 लोग यात्रा पर जाने के लिए परीक्षण करवा चुके हैं। लोगों में भक्तिभाव इस कदर देखने को मिल रहा है कि स्वास्थ्य परीक्षण के लिए उन्हें दो-दो घंटे के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है लेकिन उन्हें इससे कोई परेशानी नहीं हो रही है। लाइन में लगे कई श्रद्धालुओं ने बताया कि वह पहले भी अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं और इस बार दोबारा जा रहे हैं।
हम अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए स्वास्थ्य परीक्षण करवाने आए हैं। इसमें ब्लड टेस्ट, ब्लड शुगर की जांच करवाना अनिवार्य होगा।
-पंकज (30 वर्षीय), गाजियाबाद निवासी
हम 2024 में अमरनाथ यात्रा कर चुके हैं और इस बार दोबारा जा रहे हैं। बाबा का आशीर्वाद लेने के लिए हमने पूरी तैयारी कर ली है।
-संजय शर्मा (32 वर्षीय), जेवर निवासी
हम चौथी बार अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं। इससे पहले हर बार स्वास्थ्य परीक्षण किया गया लेकिन कोई परेशानी नहीं निकली।
-पवन कुमार शर्मा (51 वर्षीय), बरौला निवासी
हम अपने दोस्तों के साथ पहली बार अमरनाथ यात्रा पर जा रहे हैं। बाबा के दरबार जाने का बहुत मन है। प्रार्थना है कि सकुशल पहुंच जाएं।
-कन्हई राजपूत (32 वर्षीय), सेक्टर 137