- अभियान के बाद भी सेक्टर-16 और टेकजोन-4 की तस्वीर नहीं बदली
-लोगों ने उठाए सवाल, नियमित सफाई और समय पर कूड़ा उठाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर को स्वच्छ और धूलमुक्त बनाने के उद्देश्य से विशेष स्वच्छता अभियान चलाया है। अभियान के दौरान सड़कों की सफाई, कूड़ा उठाने और धूल कम करने के लिए पानी का छिड़काव किए जाने के दावे किए, लेकिन अभियान होने के बाद भी कई इलाकों की तस्वीर नहीं बदली। कई सड़कों पर अब भी कूड़ा और मिट्टी जमी हुई है।
ग्रेनो वेस्ट के सेक्टर-16 और टेकजोन-4 में सड़क किनारे कूड़े के ढेर और सड़कों पर फैली मिट्टी साफ नजर आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर अभियान प्रभावी तरीके से चलाया गया होता तो इन क्षेत्रों की स्थिति में सुधार दिखाई देता। उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर केवल औपचारिकता निभाई गई है, जबकि जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था पहले जैसी ही बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि स्वच्छता अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि उसका असर शहर के हर क्षेत्र में दिखाई दे।
सड़क किनारे अब भी कूड़े के ढेर पड़े हैं और कई दिनों से उनकी सफाई नहीं हुई है। नियमित सफाई नहीं होने की वजह से सड़कों पर कूडा पड़ा हुआ है।
-मनीष
- सड़कों पर जमी मिट्टी की वजह से धूल लगातार उड़ रही है। इससे आने-जाने वाले लोगों और बच्चों को परेशानी होती है। -
ज्ञान सिंह
- जिस सड़क पर भी जाओं वहां कूड़ा पड़ा हुआ दिख जाता है। इसके कारण बारिश के समय कूड़ा सड़ जाता है और बदबू आती है। -शिप्रा
-स्वच्छता अभियान का असर सिर्फ दावों में नहीं, बल्कि जमीन पर भी दिखना चाहिए। अगर समय पर कूड़ा उठाया जाए तो लोगों को राहत मिलेगी।
-अनिता कुमारी