- सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आधे घंटे में आग पर पाया काबू
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेनो वेस्ट में गौड़ सिटी के समीप एक इलेक्ट्रिक कार में अचानक आग लग गई। सूचना पर दमकल विभाग की टीम पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग में कोई जनहानि नहीं हुई है।
जानकारी के मुताबिक गौड़ सिटी के समीप रविवार को एक कार सड़क पर चल रही थी। तभी उसमें से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षणों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्परता दिखाते हुए कार से कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते कार आग का गोला बन गई। सड़क पर आग की ऊंची लपटें उठने से आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए और मौके पर भीड़ जुट गई। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एफएसओ अजय कुमार ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
बैटरी ओवरहीट, खराब चार्जिंग से लगती है आग
तुगलपुर मार्केट में कार मैकेनिक विकास कुमार ने बताया कि इलेक्ट्रिक कारों में आग लगने का बड़ा कारण बैटरी में शॉर्ट सर्किट, बैटरी का ओवरहीट होना, खराब चार्जिंग सिस्टम या दुर्घटना के दौरान बैटरी को नुकसान पहुंचना माना जाता है। कई बार लोकल या खराब क्वालिटी के चार्जर का इस्तेमाल भी खतरा बढ़ा देता है। अत्यधिक गर्मी, पानी भरने या तकनीकी खराबी के कारण भी बैटरी में आग लग सकती है। यदि इलेक्ट्रिक कार में आग लग जाए तो सबसे पहले वाहन को तुरंत सुरक्षित स्थान पर रोकें और सभी लोगों को कार से बाहर निकाल लें। आग बुझाने की कोशिश तभी करें जब स्थिति नियंत्रण में हो और आपके पास फायर एक्सटिंग्विशर मौजूद हो। बैटरी में आग लगने पर सामान्य आग की तुलना में अधिक धुआं और गर्मी निकल सकती है। इसलिए वाहन से दूरी बनाए रखें और तुरंत दमकल विभाग व पुलिस को सूचना दें। हमेशा कंपनी द्वारा प्रमाणित चार्जर का ही उपयोग करें।