नोएडा। एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से उपकरण चोरी हो गए। उपकरण गायब होने से टावर की साइट डाउन हो गई और नेटवर्क प्रभावित हुआ। कंपनी की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था कर नेटवर्क बहाल कराया गया। मामले में कंपनी कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी कर्मचारी कुलदीप कुमार के अनुसार, छह अक्तूबर की सुबह टावर की साइट डाउन होने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो टावर से रिमोट रेडियो यूनिट (आरआरयू) समेत कई कीमती उपकरण गायब मिले। एक्सप्रेसवे थाना प्रभारी अमित खारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है।
बैंक की छत पर छिपा मिला चोर, एसी के तीन कॉपर पाइप बरामद
नोएडा। सेक्टर-110 स्थित इंडसइंड बैंक की शाखा में चोरी करने पहुंचे किशोर को कर्मचारियों ने पकड़ लिया। आरोपी बैंक की छत पर लगे बोर्ड के पीछे छिपा हुआ था। उसके पास से एसी के तीन कॉपर पाइप बरामद हुए हैं। बैंक प्रबंधक की शिकायत पर फेज-टू थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर किशोर को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। बैंक प्रबंधक आशुतोष कुमार के मुताबिक, बुधवार रात एक किशोर चोरी के इरादे से शाखा की छत पर पहुंचा था। पड़ोस की कंपनी के सुरक्षा गार्ड ने उसे देखकर वीडियो बनाया और बैंक प्रबंधन को भेज दिया। इसके बाद कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो आरोपी छत पर छिपा मिला। आरोपी की उम्र 17 साल है और वह मूलरूप से झारखंड के गोड्डा का रहने वाला है। फिलहाल भंगेल की झुग्गी में रहता है। पुलिस उसके अन्य साथियों का पता लगा रही है।