-आयोग की मोहर व नाम का दुरुपयोग कर तैयार किया गया फर्ज पत्र, जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग नई दिल्ली के नाम और मोहर का दुरुपयोग कर एक फर्जी पत्र तैयार करने और उसका उपयोग करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में कासना कोतवाली में सोमवार को अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस चौकी घंघोला प्रभारी एएसआई धर्मवीर सिंह की तरफ से दी गई तहरीर के अनुसार राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग नई दिल्ली से एक पत्र प्राप्त हुआ था। जो जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर को संबोधित था। इस पत्र में बताया गया कि कार्यालय में प्रस्तुत एक शिकायत के साथ आयोग के नाम और मोहर का प्रयोग करते हुए एक पत्र संलग्न भेजा गया था। आयोग द्वारा प्रकरण की जांच में सामने आया कि ऐसा कोई पत्र वास्तव में आयोग द्वारा जारी ही नहीं किया गया था।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि उक्त शिकायती पत्र में आवेदक के रूप में दर्शाए गए पप्पू पुत्र छोटे निवासी अलीगढ़ का नाम-पता जांच में सत्यापित नहीं हो सका। इससे स्पष्ट है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने पप्पू का फर्जी नाम-पता अंकित करते हुए राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के नाम व मोहर का दुरुपयोग कर फर्जी पत्र तैयार किया और उसे विभिन्न कार्यालयों को भेजा। वहीं कोतवाली प्रभारी पंकज शमा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।