- सेक्टर-8 की खंडहर इमारत से लेकर सेक्टर-11 के नाले के पुस्ते तक पुलिस की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। पुलिस ने चेकिंग और गश्त के दौरान अवैध चाकू रखने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियां अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गईं। इनमें दो आरोपी थाना सेक्टर-24 क्षेत्र से और दो फेज-1 थाना क्षेत्र से पकड़े गए। फेज-1 थाना पुलिस ने मंगलवार की रात सेक्टर-8 में एक खंडहर इमारत से माणिक चंद (19) को गिरफ्तार किया। वह जे-जी कॉलोनी, सेक्टर-9 का निवासी है और उसके पास से एक अवैध चाकू मिला। उसने पूछताछ में दो दिन पहले हुए झगड़े में चोट लगने की बात बताई। इसी थाना क्षेत्र में रविवार को आफताब (27) को सब्जी मंडी के पास से पकड़ा गया। आफताब बिहार के नवादा का मूल निवासी है और खोड़ा, गाजियाबाद में रहता है। उसके कब्जे से भी एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
सेक्टर-24 थाना पुलिस ने सेक्टर-11 में मदर डेयरी के पास नाले के पुस्ते से दो युवकों को पकड़ा। मंगलवार की रात दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 निवासी विशाल कुमार (28) को गिरफ्तार किया गया। उसी जगह से देर रात चौड़ा गांव, सेक्टर-24 निवासी सागर उर्फ मोहित (26) को भी पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, दोनों ने शौक के लिए चाकू रखने की बात बताई है और एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
0 / 25,000