नोएडा। कोतवाली एक्सप्रेसवे क्षेत्र की जेपी कॉसमॉस सोसाइटी में रहने वाली महिला ने पति और सास-ससुर पर मारपीट करने और घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया है। सेक्टर-134 स्थित सोसाइटी निवासी शालिनी की शादी 16 अप्रैल 2025 को ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 निवासी शुभम मलिक से हुई थी। महिला का कहना है कि उसके मायके वालों ने शादी में करीब 80 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के कुछ समय बाद पति शुभम, सास मनीषा और ससुर धर्मेंद्र का व्यवहार उसके प्रति बदलने लगा।
शालिनी के मुताबिक, ससुराल वाले उसके नौकरी करने के फैसले से नाराज थे। उसने मई 2025 में गुरुग्राम में नौकरी शुरू की तो पति और सास-ससुर ने इसका विरोध किया। महिला के अनुसार, 23 जनवरी को पति बिना उसे बताए गुरुग्राम स्थित घर से सामान लेकर नोएडा आ गया। जानकारी मिलने पर वह नोएडा पहुंची और इसका विरोध किया। आरोप है कि इस दौरान ससुराल वालों ने उसके साथ अभद्रता की और घर से बाहर निकाल दिया। एसीपी राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।