-अगस्त 2026 तक उपयोग के लायक नहीं रह जाएंगी डीटीसी की पुरानी बसें, मिलेंगी 125 नई डीटीसी बसें
-अक्तूबर माह तक 54 बसों को किया गया बेड़े से बाहर
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (डीटीसी) की पुरानी बसों से अब शहरवासियों को छुटकारा मिलेगा। वहीं, ई-बसों में उनका सफर सुहाना हो जाएगा। अक्सर खराब स्थिति के कारण बसें बीच रोड पर ही खराब हो जाती है। ऐसे में शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन अब सभी पुरानी बसें अगले अगस्त 2026 तक बेड़े से पूरी तरह हटा दी जाएंगी, उनके स्थान पर ई-बसों का संचालन होगा।
दिल्ली एनसीआर में सार्वजनिक परिवहन का अहम हिस्सा मानी जाने वाली डीटीसी की करीब 125 नई ई-बसें दौड़ेंगी। डीटीसी सेंटर से मिली जानकारी के अनुसार अब तक नोएडा के डीटीसी सेंटर की 150 में से 54 बसें अक्तूबर माह तक बेड़े से बाहर हो चुकी हैं, बाकी अगस्त 2026 तक बाहर हो जाएंगी। यह सभी 150 डीटीसी बसें अपनी निर्धारित सेवा अवधि पूरी कर लेंगी। अक्तूबर माह तक 54 बसों को बेड़े से बाहर किया जा चुका है। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2010–11 के दौरान दिल्ली सरकार से नोएडा सेंटर को 150 से अधिक नई बसें प्राप्त हुई थीं। लेकिन अब इनमें से अधिकांश ने अपनी सेवा अवधि और तय किलोमीटर सीमा पूरी कर ली है। डीटीसी के अनुसार इन बसों को 15 साल की आयु अगस्त 2026 तक पूरी हो जाएंगी, इसके बाद यह चलन में नही आएंगी। वहीं इनमें से टाटा कंपनी की बसों के लिए निर्धारित समय तक किलोमीटर की पाबंदी नही होती है, लेकिन अन्य कंपनी से अनुबंधित बसों के लिए करीब साढ़े सात लाख किलोमीटर तक चलाने की अनुमति निर्धारित है, भले उन्होंने 15 साल पूरे किए हों या नही। लेकिन कई बसों की स्थिति इतनी जर्जर हो गई कि वे इस सीमा तक पहुंचते पहुंचते अनुपयोगी हो गईं हैं।
पौने दो लाख किमी की अतिरिक्त रेंज बढ़ाई गई
निर्धारित समय से पहले जिन बसों ने अपने किलोमीटर के दायरे को पूरा कर लिया है, उनकी लगभग पौने दो लाख किलोमीटर की अतिरिक्त रेंज बढ़ाई गई है। ऐसे में शासन इसके लिए भेजे गए प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई। इसके बाद इनका संचालन लगातार जारी है। दरअसल सेंटर के अधिकारियों का कहना है कि पहले ही 54 बसें बेड़े से बाहर होने के बाद बसों की कमी के चलते शहरवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
शहरवासियों की सुविधा के लिए जल्द डीटीसी की ई-बसें सेंटर को मिलेंगी, वहीं अपना समय पूरा कर चुकी बसों को बेड़े से बाहर किया जाएगा।
-श्वेता, डिपो मैनेजर, डीटीसी सेंटर, नोएडा