- नुकसान पहुंचाने का डर दिखाकर जाल में फंसाया, साइबर थाने में दर्ज हुई प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। साइबर ठगों ने सेक्टर-27 निवासी एक युवक को ऑनलाइन धमकी देकर 5.03 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने पीड़ित को नुकसान पहुंचाने का भय दिखाकर अपने जाल में फंसाया। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने शिकायत में बताया कि 20 नवंबर को उनके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई थी। किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनसे संपर्क कर ऑनलाइन धमकी दी और नुकसान पहुंचाने का डर दिखाया। आरोपी की बातों से घबराकर युवक उसके झांसे में आ गया। जालसाज ने दबाव बनाकर उससे 5 लाख 3 हजार 147 रुपये की रकम ठग ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने 24 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की। इसमें भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि ठगी में इस्तेमाल ऑनलाइन माध्यमों की जानकारी जुटाई जा रही है। रकम जिन खातों में भेजी गई, उनकी भी पड़ताल की जा रही है।