निवेश के नाम पर साइबर ठगी, युवक के खाते से उड़ाए 5.06 लाख रुपये
- शेयर बाजार में जल्द बड़ा रिटर्न दिलाने का झांसा देकर जालसाजों ने बनाया शिकार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शेयर बाजार में पैसा लगाकर कम समय में मोटा मुनाफा कमाने की चाह ग्रेटर नोएडा के एक युवक को भारी पड़ गई। साइबर जालसाजों ने ऑनलाइन संपर्क कर निवेश का भरोसा दिलाया और अलग-अलग किस्तों में उससे 5.06 लाख रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। रकम जमा करने के बाद जब युवक को ठगी का अंदेशा हुआ तो उसने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत की। इस मामले में साइबर क्राइम थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ग्रेटर नोएडा निवासी 26 वर्षीय प्रांजल कौशल ने पुलिस से शिकायत की है कि कुछ समय पहले ऑनलाइन माध्यम से कुछ लोगों ने उनसे संपर्क किया था। आरोपियों ने खुद को शेयर बाजार में निवेश से जुड़ा बताया और युवक को भरोसा दिलाकर अलग-अलग चरणों में रकम निवेश करा ली। मुनाफे की उम्मीद में युवक आरोपियों के बताए माध्यम से भुगतान करता चला गया। इस तरह 24 दिसंबर 2025 को हुई इस धोखाधड़ी में उससे कुल 5 लाख छह हजार रुपये ट्रांसफर करा दिए। जब पैसे निकालने का प्रयास किया तो नहीं निकले। इसके बाद उसे पूरे मामले में ठगी का अहसास हुआ। डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।