ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के इंफॉरमेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी (आईसीटी) विभाग के डीन डॉ. संजय शर्मा पर डंडो और हॉकी से हमला किया गया। सोमवार देर शाम विश्वविद्यालय कैंपस से कुछ दूरी पर हुई वारदात में हमलावरों ने उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। सूचना पर पहुंची कासना कोतवाली पुलिस और जीबीयू के अन्य प्रोफेसरों ने उन्हें जिम्स में भर्ती कराया है। डीन ने चचेरे भाई की ओर से दी गई शिकायत में जीबीयू की पूर्व महिला असिस्टेंट प्रोफेसर, उसके पति और अन्य पर तीन तरफ से गाड़ी रोककर डंडों और हॉकी से हमला करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने फिलहाल असंज्ञेय अपराध (एनसीआर) का मामला दर्ज किया है। साथ ही कहा है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
जीबीयू में आईसीटी विभाग के डीन डॉ. संजय कुमार शर्मा विश्वविद्यालय कैंपस में रहते हैं। डॉ. संजय के चचेरे भाई अजय शर्मा ने कासना कोतवाली में दी शिकायत में कहा है कि 21 मार्च की शाम 7:30 बजे डॉ. संजय कुमार उनके घर से जीबीयू कैंपस लौट रहे थे। राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के सामने उनकी कार को पीछे से एक कार ने टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद जीबीयू की पूर्व असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. संध्या तरार, पति शेखर सिंह और अन्य लोगों ने डॉ संजय से गाली-गलौज और मारपीट की। उनकी कार के शीशे तोड़ दिए। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने कहा है कि डंडे और हॉकी से हमले में डीन को काफी चोटें आईं हैं। मौके पर पुलिस को कॉल की गई। इसके बाद उन्हें राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया।
पीड़ित के परिजन की शिकायत पर एनसीआर दर्ज की गई है। मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट के आधार पर एफआईआर की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है। - सुधीर सिंह, थाना प्रभारी कासना