बुजुर्गों की मांग पर एओए ने बनाई जेएमओ कुटी
नोएडा। सेक्टर-76 स्थित जेएम ऑर्किड सोसाइटी में बुजुर्गों के बैठने के लिए गजीबो हट बनाई गई है। इससे सोसाइटी निवासियों में खुशी की लहर है और निवासी एओए की ओर से किए गए इस कार्य की सराहना कर रहे हैं। एओए सचिव प्रकाश नयाल ने बताया कि सोसाइटी के ई ब्लॉक के पास बनाई गई इस हट का नाम जेएमओ कुटी रखा गया है।
यह हट वाटर रेजिस्टेंस बनाई गई है, ताकि किसी भी मौसम में इसका इस्तेमाल किया जा सके। सोसाइटी के बुजुर्गों की मांग थी कि ऐसी जगह हो जहां पर खुलेपन का एहसास हो और शुद्ध वातावरण मिल सके और वह एक साथ बैठकर बातचीत कर सकें। इसलिए इसका निर्माण किया गया। बागवानी प्रमुख विष्णु अग्रवाल ने बताया कि यहां पर बिजली की व्यवस्था करवा दी गई है और बैठने के लिए सोफे भी लगाए गए हैं। इस हट का शुभारंभ शंभू नाथ प्रसाद, विपिन चंद्र वार्ष्णेय, महमूद जान नकवी, राम नारायण जोशी, राम प्यारे सिंह और अन्य लोगों ने किया। ब्यूरो