कारोबारी को रास्ते में गोली मारने की धमकी देकर की थी लूटपाट
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के डेल्टा-2 सेक्टर में किराना कारोबारी के घर डकैती के मामले में परिजनों ने पुलिस को जानकारी दी है कि बदमाशों ने कारोबारी की पत्नी की कनपटी पर पिस्टल तानकर धमकी दी थी। बदमाशों ने कहा था कि पति को वह सूरजपुर से लौटते समय गोली मार देंगे। इससे पुलिस को किसी परिचित के वारदात में शामिल होने का शक बढ़ गया है। पुलिस बदमाशों की पहचान के प्रयास में जुटी है। वहीं, पुलिस ने मामले में लूट की धारा में केस दर्ज किया है। जांच के दौरान अन्य धाराएं बढ़ाईं जा सकती हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार शाम लगभग सात बजे वैगनआर कार सवार बदमाश सूरजपुर में किराना का कारोबार करने वाले भूमेश कुमार अग्रवाल के घर पहुंचे थे। बदमाशों ने 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले उनके बेटे शोभित पर सबसे पहले पिस्टल तानी थी और उसे खींचकर घर में ले गए थे। इसके बाद बदमाशों ने कारोबारी की पत्नी रितू और छोटे बेटे-बेटी को भी पिस्टल के बल पर बंधक बना लिया था। बदमाशों ने मामूली विरोध पर ही पीड़ित परिवार के साथ मारपीट भी की थी। तीनों बच्चों को दो बदमाशों ने घर के मंदिर के बराबर बने कमरे में बंधक बना लिया था। जबकि रितू की कनपटी पर पिस्टल तानकर बदमाशों ने आभूषण निकालने को कहा था। रितू के आनाकानी करने पर बदमाशों ने कहा था कि अगर आभूषण जल्दी नहीं निकाले तो पति को सूरजपुर से लौटते समय गोली मार देंगे। इस पर रितू घबरा गई और बदमाश उसे एक से दूसरे कमरे में ले जाकर आभूषण नकदी निकलवाते रहे। कारोबारी के भाई नरेश कुमार ने बताया कि बदमाश उनके घर से 70 हजार रुपये से अधिक की नकदी और 40 हजार रुपये से अधिक के जेवर लूटकर ले गए। घर में उनकी माताजी के भी पुराने आभूषण रखे हुए थे। हालांकि, एफआईआर में लूटी गई रकम और आभूषण का जिक्र नहीं किया गया है।
कर्मचारियों से की पुलिस ने पूछताछ
पुलिस ने मामले में कारोबारी की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारियों से भी पूछताछ की है। वहीं, मकान की पहली मंजिल पर रहने वाले किरायेदार का भी मोबाइल नंबर लिया है। अंदेशा है कि वारदात में या तो कोई परिचित शामिल हो सकता है या फिर उसने रेकी की है।