संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश। श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के पंडित ललित मोहन शर्मा परिसर में रसायन शास्त्र विभाग की ओर से हरित सौंदर्य कौशल पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला के अंतिम दिन प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यशाला में करीब 132 छात्र-छात्राओं ने प्रशिक्षण लिया। डॉ. हेमा भंडारी ने प्रतिभागियों को पुष्प अर्क से फेशियल जेल, शावर जेल, ग्लिसरीन सोप बनाने की प्रक्रिया में घटित होने वाली रासायनिक प्रक्रियाओं को समझाकर प्रशिक्षण दिया।
साइंस डीन एवं कार्यशाला के समन्वय प्रो. एसपी सती ने कहा कि जल्दी ही मैत्रयी काॅलेज दिल्ली विश्वविद्यालय और पं. ललित मोहन शर्मा परिसर के बीच एक एमओयू होगा, जिससे परिसर के छात्रों को लाभ प्राप्त होगा। इस मौके पर परिसर निदेशक प्रो. महावीर सिंह रावत, प्रो. नीता जोशी, प्रो. हेमलता मिश्रा, प्रो. बीपी श्रीवास्तव, प्रो. एसपी सती, प्रो. आशीष शर्मा, डॉ. सीमा बेनीवाल आदि शामिल रहे।