स्कूल बस की टक्कर से महिला मैनेजर की मौत
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार महिला मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन यहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक मौके पर ही बस छोड़कर भाग गया। पुलिस ने आरोपी चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से बुलंदशहर निवासी अमृता सिन्हा (31) पत्नी राम बिसरख कोतवाली क्षेत्र की अरिहंत आर्डन सोसाइटी में रहती थीं। अमृता नोएडा स्थित लग्जरी कार के शोरूम में मैनेजर थीं। पति राम ने बताया कि अमृता मंगलवार की सुबह स्कूटी से अपने दफ्तर जा रहीं थीं। इसी दौरान ग्रेेनो वेस्ट स्थित पंचशील हाइनिश सोसाइटी के पास एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे अमृता स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर पहुंचे लोगों ने अमृता को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं, हादसे के तुरंत बाद चालक मौका पाकर बस छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने परिजन को हादसे की सूचना दी और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
------
हेलमेट लगाया हुआ था कुचलने से हुई मौत
पुलिस के मुताबिक, अमृता ने हेलमेट लगाया हुआ था। वह स्कूटी से बस के आगे चल रही थीं। तभी दायां मोड़ आया और चालक ने अचानक बस मोड़ दी। बस की टक्कर से वह नीचे गिर पड़ी और इसी दौरान बस का अगले पहिये के नीचे आ गईं। इससे उसकी मौत हो गई। महिला के कमर पर बैग लटका हुआ था। इससे कुछ देर लोग उसे छात्रा समझ रहे थे लेकिन बाद में पहचान हो सकी।
----
दूसरी बस से बच्चों को ले जाया गया स्कूल
हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया। वहीं, मौके पर लोगों के जमा हो जाने से बस में सवार छात्र घबरा गए। हालांकि, कुछ देर बाद ही बच्चों को दूसरी बस से स्कूल ले जाया गया। वहीं, महिला को कुचलने वाली बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
------------
12 घंटे बाद भी स्कूल का नाम नहीं बता पाई पुलिस
सड़क हादसे में महिला मैनेजर की मौत के मामले पुलिस 12 घंटे बाद भी यह नहीं बता पाई कि बस आखिर किस स्कूल की थी। जबकि स्कूल बस के आगे नाम लिखा था और उसमें बच्चे भी सवार थे। इसके बाद भी पुलिस चालक का नाम और पता बताना तो दूर स्कूल का नाम भी नहीं बता पाई है।