हेडिंग : नौ सेना अधिकारी के बेटे को ऑटो में मारपीट कर लूटा
डीएलएफ मॉल के पास से होटल जाने के लिए ऑटो रिक्शा पर हुए थे सवार
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मुंबई में तैनात नौसेना के अधिकारी के बेटे को ऑटो सवार बदमाशों ने मारपीट कर लूट लिया। मारपीट करने के बाद युवक को कोतवाली सेक्टर-39 क्षेत्र में फेंक दिया। पीड़ित ने इसकी शिकायत कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मुंबई निवासी सुबोध जीत दत्ता कंपनी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए नोएडा आए हुए हैं। वह नोएडा के एक होटल में ठहरे हुए हैं। उनके पिता समरजीत दत्ता मुंबई में नौसेना में अधिकारी हैं। मां भी सेना में कार्यरत हैं। सोमवार रात को वह कंपनी की एक पार्टी में शामिल होने के लिए डीएलएफ मॉल गए थे। रात करीब 12 बजे वह वहां से बाहर निकले और होटल जाने के लिए एक ऑटो रिक्शा में सवार हो गए। इसके बाद चालक ने दो और लोगों को बिठा लिया। कुछ दूर आगे चलने के बाद चालक व अन्य लोगों ने सुबोध से मारपीट कर उनसे लैपटॉप, मोबाइल, पांच हजार रुपये समेत अन्य सामान लूट लिया। इसके बाद कोतवाली सेक्टर-39 क्षेत्र में उतारकर भाग गए। उन्होंने किसी तरह पुलिस से संपर्क किया। फिर उन्होंने कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस से मामले की शिकायत की। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
-----------
बाइक सवार बदमाशों ने युवती से पर्स लूटा
नोएडा। बाइक सवार बदमाशों ने सेक्टर-58 में सोमवार रात को एक युवती से पर्स लूट लिया। घटना के समय युवती अपने एक दोस्त साथ पैदल घर जा रही थी। पर्स में युवती के दो मोबाइल फोन, पांच हजार रुपये और अन्य सामान था। युवती ने कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस से घटना की शिकायत की है। मामूरा में पीजी में रह रही प्रीति त्यागी एक कॉल सेंटर में नौकरी करती हैं। वह सोमवार रात करीब 9 बजे अपने एक दोस्त के साथ मामूरा की तरफ जा रही थी। जब वे सेक्टर-58 हनुमान मंदिर से आगे बढ़ीं तो पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो बदमाश उनके कंधे से पर्स छीनकर भाग निकले। बदमाशों के पर्स छीनने पर झटका लगने पर युवती सड़क पर गिरने से बाल-बाल बच गई। युवती ने घटना की शिकायत पुलिस से की है। ब्यूरो