हेडिंग: रेहड़ी पटरी से मुक्त होगा सेक्टर-18 बाजार का सेंट्रल एरिया
प्राधिकरण की ओर से चिह्नित स्थान पर ही मिलेगी व्यवसाय की सुविधा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-18 का बाजार रेहड़ी पटरी से मुक्त होगा। यहां सेंट्रल एरिया में फैले हुए रेहड़ी पटरी वालों को वहां से हटाया जाएगा। उन्हें वहीं किनारे पर एक चिह्नित स्थल पर व्यवसाय की सुविधा मिलेगी। इसके लिए नोएडा प्राधिकरण कवायद कर रहा है।
प्राधिकरण के ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि शहर में रेहड़ी पटरी का व्यवसाय करने वालों को व्यवस्थित करने के लिए वेंडर जोन के आवंटन की प्रक्रिया चल रही है। इसी कड़ी में सेक्टर-18 के बाजार में रेहड़ी पटरी लगाने वालों को व्यवस्थित करने पर प्राधिकरण मंथन कर रहा है। रेहड़ी पटरी वाले सेंट्रल एरिया में अपना काम करते हैं। इससे यातायात सहित अन्य व्यवस्थाएं बाधित होती हैं। इसेे देखते हुए प्राधिकरण योजना पर काम कर रहा है। ऐसे लोगों को व्यवसाय करने के लिए एक ऐसे स्थल को चिह्नित करने पर काम चल रहा है जो कि बाजार के किनारे स्थित हो, ताकि बाजार की गतिविधि पर कोई असर न पड़े। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 200 लोगों को यहां छोटा-मोटा कारोबार करने की अनुमति दी जाएगी, लेकिन वह सेक्टर-18 बाजार में जहां-तहां रेहड़ी पटरी का काम नहीं कर पाएंगे।
-----------------
आवंटन पत्र वितरण का काम जारी
ओएसडी ने बताया कि रेहड़ी पटरी के चयनित व्यवसायियों को आवंटन पत्र वितरण का काम तेजी से चल रहा है। यहां पैसे जमा करने सहित आवंटन पत्र ले जाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके अलावा जल्द ही ऐसे अन्य रेहड़ी पटरी वालों के लिए भी स्थल का चयन कर आवंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिन्होंने पहले आवेदन नहीं किया है। ऐसे लोगों को भी प्राधिकरण मौका देगा।