ग्रेनो के ग्रांड वेनिस मॉल में ईडी ने खंगाले दस्तावेज
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित ग्रांड वेनिस मॉल में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने शनिवार दोपहर छापा मारकर दस्तावेज खंगाले। टीम मॉल के बेसमेंट स्थित एक दफ्तर में कई घंटों तक पूछताछ व पड़ताल करती रही। वहीं, पीड़ितों ने दावा किया है कि मॉल में बाइक बोट फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी संजय भाटी ने रुपये निवेश किए थे।
सूत्रों के अनुसार, लखनऊ समेत एनसीआर में बाइक बोट फर्जीवाड़े के आरोपियों के कई ठिकानों पर ईडी की टीम ने एक साथ कार्रवाई की। इसी बीच बीटा-2 थाना क्षेत्र स्थित ग्रांड वेनिस मॉल में भी टीम पहुंची। टीम ने यहां जांच में मॉल के कर्मचारियों से भी पूछताछ की। अधिकांश कर्मियों ने पुराने कर्मियों के काम छोड़कर जाने की बात कही। वहीं, पुलिस और ईडी की टीम में शामिल अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन कोट गांव स्थित बाइक बोट के मुख्य दफ्तर पर आठ माह से अधिक समय से धरना दे रहे मुन्ना फौजी ने फोन कर जानकारी दी कि फर्जीवाड़े के मुख्य आरोपी संजय भाटी ने शुरुआत में ग्रांड वेनिस मॉल में दफ्तर खोला था। वह निवेशकों को बताता था कि मॉल में भी उसके पैसे लगे हैं।
सोशल मीडिया पर जानकारी बांटी
छापा मारने की खबर पर बाइक बोट के निवेशकों ने सोशल मीडिया पर इसे बाइक बोट फर्जीवाड़े से जोड़कर जानकारी बांटी। इसके अलावा सूचना पाकर ग्रांड वेनिस मॉल में दुकान खरीदने के नाम पर धोखाधड़ी के शिकार हुए कुछ निवेशक भी मौके पर पहुंच गए। वेनिस मॉल मालिक के खिलाफ यहां दुकान खरीदने वाले लोगों ने धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज करा रखे हैं।