कोरोना : 176 पर विशेष निगरानी, 108 की रिपोर्ट निगेटिव आई
नोएडा। कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है। अब तक 470 संदिग्ध लोगों का परीक्षण किया जा चुका हैं। इनमें से 176 को विशेष निगरानी में रखा गया है। वहीं, अब तक कुल 147 लोगों के सैंपल लिए गए हैं। इनको नेशनल सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल (एनसीडीसी) भेजा गया है। इसमें से 108 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जबकि 39 की रिपोर्ट का इंतजार है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है। सावधानी और जागरूकता से बचाव किया जा सकता है। वहीं, सीएमओ ने कहा कि जरूरत पड़ी को शहर के सभी निजी अस्पताल पीपीपी मॉडल पर कार्य करेंगे।
कोरोना के कारण बाजारों में सैनिटाइजर और मास्क को लेकर मारामारी मची है। ब्रांडेड कंपनियों के सैनिटाइजर बाजारों से गायब हैं। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की पहल के बाद प्रिंट रेट पर ही सैनिटाइजर की बिक्री की जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जारी किए गए हेल्पलाइन नंबरों पर प्रतिदिन सैकड़ों फोन आ रहे हैं। इन्हें समझाया जा रहा है कि जिसे वह कोरोना से जोड़कर देख रहे हैं, वह सामान्य फ्लू है। सिर्फ विदेश से आने वाले और संदिग्ध लोगों के ही नमूने लिए जा रहे हैं। ऐसे में बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि किसी सोसाइटी और सेक्टर में विदेश से आने वाले किसी व्यक्ति के बारे में जानकारी मिले तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करें। ताकि संबंधित के स्वास्थ्य की जांच कराई जा सके।
पीपीपी मॉडल पर काम करेंगे निजी अस्पताल
सीएमओ डॉ. अनुराग भार्गव ने बताया कि निजी अस्पतालों को अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। यदि संक्रमण बढ़ता है तो सभी निजी अस्पताल पीपीपी मॉडल पर कार्य करेंगे। इन सभी को मरीजों के सैंपल लेकर स्वास्थ्य विभाग भेजना होगा। साथ ही अस्पताल में आइसोलेशन वॉर्ड की व्यवस्था करनी होगी। बताया कि 39 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है। लोगों में लगातार जागरूकता फैलाई जा रही है। घबराने की कोई जरूरत नहीं है।