- 12 को मुख्यमंत्री कर सकते लोकार्पण
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। करीब 100 करोड़ रुपये खर्च कर तैयार हुआ ग्रेनो वेस्ट में चार मूर्ति चौक पर बना अंडरपास कल सुबह से ट्रायल के लिए खुल जाएगा। ऐसे में वाहनों की आवाजाही हनुमान मंदिर रोटरी से तिगरी, गाजियाबाद की तरफ शुरू हो जाएगी। सुबह छह बजे से वाहनों की आवाजाही अंडरपास के अंदर खोली जानी प्रस्तावित है। आठ नवंबर को रात तक वाहनों की आवाजाही चालू रखी जाएगी। 12 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसका औपचारिक लोकार्पण करेंगे जिसके बाद अंडरपास पूरी तरह खोल दिया जाएगा।
एसीईओ सुमित यादव ने बताया कि अभी ट्रायल के लिए छह लेन के गौड़ अंडरपास को खोला जा रहा है। इससे अगर कोई कमी अंडरपास में रह गई होगी तो उसे समय रहते दूर कर लिया जाएगा। दीपावली से पहले ही यह अंडरपास शुरू किया जाना था। ऐसे में इससे अभी वाहनों की आवाजाही शुरू करा दी जा रही है। इससे करीब पांच लाख लोगों को सीधे तौर पर फायदा होगा। टेकजोन-4, एफएनजी, सेक्टर-1, सेक्टर-2, सूरजपुर-कासना रोड से आने वाले वाहन सीधे गाजियाबाद, तिगरी, गौड़ सिटी की तरफ बिना जाम में फंसे गुजर सकेंगे। सीईओ रवि कुुमार एनजी का कहना है कि अंडरपास से चार मूर्ति चौराहा पर जाम में फंसने की बड़ी समस्या खत्म हो जाएगी।