अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। नेशनल गतका एसोसिएशन आफ इंडिया द्वारा आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय गतका प्रतियोगिता शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के भिलाई में शुरू हो गई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन बताैर मुख्यातिथि दुर्ग के सांसद विजय बघेल और पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेम प्रकाश पांडे ने की।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विजय बघेल ने कहा कि गतका केवल एक मार्शल आर्ट ही नहीं बल्कि एक ऐतिहासिक धरोहर है। ऐसी स्वदेशी कला को बढ़ावा देने से हमारी संस्कृति का संरक्षण होता है और युवाओं में हमारे पूज्य गुरुओं द्वारा दिखाए गए साहस, अनुशासन, भक्ति और समर्पण के गुणों का संचार होता है।
पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि गतका की राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी करना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण है। इस चैंपियनशिप में पंजाब समेत भारत भर के बारह राज्यों से 500 से अधिक जांबाज भाग ले रहे हैं। इस दाैरान नेशनल गतका एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनजीएआई) के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल, छत्तीसगढ़ सिख पंचायत के चेयरमैन जसबीर सिंह चहल, न्यू गतका स्पोर्ट्स एसोसिएशन छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष व समाजसेवी इंद्रजीत सिंह छोटू, महासचिव जसवंत सिंह खालसा और कोषाध्यक्ष मलकीत सिंह लल्लू सहित कई गण्यमान्य हस्तियां मौजूद रहीं।