संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा।
शादी, भंडारे समेत अन्य आयोजनों में जरूरत के अनुसार संबंधी गैस एजेंसी से ही पर्याप्त सिलिंडर की व्यवस्था की जाएगी। इसको लेकर जिला पूर्ति अधिकारी ने एजेंंसी को सत्यापन करने की जिम्मेदारी दी है। इसके लिए अब आयोजकों को जिला प्रशासन के अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे।
इन दिनों चल रही रसोई गैस की किल्लत के दौरान आगामी दिनों में शादियों का सीजन शुरू होगा। इन दिनों भंडारे समेत अन्य आयोजन चल रहे हैं। शादियों में गैस सिलिंडरों की व्यवस्था करने के लिए आयोजक जिला प्रशासन और जिला आपूर्ति अधिकारी, उपजिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारियों से मांग कर रहे है। आयोजनों के लिए लगातार हो रहे घरेलू गैस सिलिंडरों की मांग को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया है। आयोजक को अपनी संबंधी गैस एजेंसी से संपर्क करना होगा। उपभोक्ता की जरूरत का सत्यापन एजेंसी करेगी। विक्रय अधिकारियों से समन्वय बनाकर सिलिंडरों की व्यवस्था करेंगे। उनको गैस उपलब्ध कराएंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि जनपद में शादी, भंडारा आदि के आयोजनों के लिए घरेलू गैस सिलिंडरों की मांग आ रही है। ऐसे आयोजनों के लिए अतिरिक्त गैस सिलिंडरों की आवश्यकता होने पर संबंधित उपभोक्ता अपनी गैस कनेक्शन वाली अधिकृत गैस एजेंसी से समन्वय स्थापित करें।