कन्नौज। मुखबिरी के शक में दोस्त सुमित राठौर की हत्या करने वाले गांजा तस्कर मनीष गुप्ता पर पुलिस गैंगस्टर लगाने की तैयारी कर रही है। पहले से दर्ज मुकदमों के आधार पर एसपी ने सीओ सिटी और सदर कोतवाल को गैंग चार्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं। डीएम से अनुमोदन मिलते ही उस पर गैंगस्टर की एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि शहर के मोहल्ला कचहरी टोला निवासी मनीष गुप्ता के खिलाफ कन्नौज और फर्रुखाबाद में सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पकड़िया टोला निवासी सुमित राठौर के साथ गांजा तस्करी का कारोबार करता था। 16 सितंबर को फतेहगढ़ पुलिस ने जब उसे गांजा तस्करी में पकड़ लिया तो उसने मुखबिरी करने के शक में दो लाख रुपये की सुपारी देकर सुमित की हत्या करवा दी। इसके बाद शव को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे तालग्राम थाना क्षेत्र में फेंक दिया था। इस मामले में हत्यारोपी मुहीन, याकूब व एक किशोर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
मनीष के कई फोटो सोशल मीडिया पर वायरल
सुमित के हत्यारोपी मनीष गुप्ता के कई फोटो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इन वायरल तस्वीरों की पुष्टि नहीं करता है। कई फोटो में वह पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के साथ दिखाई दे रहा है, तो एक मंत्री के कार्यक्रम के लिए भी वह पोस्टर जारी कर रहा है। इसको लेकर विपक्ष लगातार सत्ता पक्ष पर हमलावर हो रहा है। सयुस प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन का कहना है कि सरकार को ऐसे अपराधियों के घर पर भी बुलडोजर चलाना चाहिए।