तीन दिन के रिमांड के बाद द्वारका कोर्ट में हुई गैंगस्टर की पेशी
12 को शादी और 13 मार्च को गृह प्रवेश के लिए मिलेगी हिरासत पैरोल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। अदालत ने गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी को तीन दिन का पुलिस रिमांड खत्म होने पर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। शनिवार को गैंगस्टर को कड़ी सुरक्षा के बीच द्वारका कोर्ट के ड्यूटी मजिस्ट्रेट सार्थक पंवार के सामने पेश किया गया।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश दीपक वासन ने 4 मार्च को काला जठेडी को 12 मार्च को शादी के लिए छह घंटे की हिरासत पैरोल की अनुमति दी थी। काला पर संगठित अपराध सिंडिकेट चलाने के आरोप में मकोका लगाया गया है। उसने मानवीय आधार पर पैरोल की मांगी थी। अदालत ने बचाव पक्ष और दिल्ली पुलिस दोनों की दलीलों पर विचार करने के बाद जठेडी को राहत दी थी। उसे सुबह 10 से शाम 4 बजे के बीच पुलिस की निगरानी में शादी के लिए ले जाया जाएगा। वहीं, 13 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच जठेडी गांव (सोनीपत) में गृह प्रवेश के लिए अनुमति दी गई है। जठेडी की शादी लेडी डॉन कही जाने वाले अनुराधा से होगी। ब्यूरो