फोटो-23-गिरफ्तार किए गए आरोपी। स्रोत: पुलिस
बिधूना। चर्चित गोकशी कांड के 16 आरोपियों पर पुलिस ने गैंगस्टर की कार्रवाई की है। वहीं जमानत पर बाहर चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया। तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। शेष 13 आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं।
पुलिस ने कोतवाली क्षेत्र में छह सितंबर की रात भरथना मार्ग पर गांव शामपुर में धनवाली पुल के पास कंटेनर पलटने के बाद गो तस्करी का बड़ा खुलासा किया था। पुलिस को कंटेनर में 14 मृत गोवंश मिले थे। घायल तीन गोवंश को उपचार के बाद गोशाला भेजा था। पुलिस ने ताजपुर निवासी हैप्पी सिंह, उसराहा निवासी शिव भदौरिया, बंथरा निवासी दीपक, श्यामपुर निवासी मंजेश यादव, अनंतपुर निवासी राहुल, भीलवाड़ा कोटा रामगंज मंडी निवासी निवासी राहुल, राजस्थान निवासी बबलू, पंचवटी निवासी विक्रम उर्फ विक्की चौहान, गांव शामपुर निवासी धर्मेंद्र यादव, सत्येंद्र यादव, डंपी यादव और कंटेनर चालक हरियाणा निवासी आरिफ, कस्बा के अछल्दा रोड निवासी जेसीबी चालक कृष्ण सिंह सेंगर, कस्बा बिधूना निवासी आलोक प्रताप सिंह को गोतस्करी के आरोप में जेल भेजा गया था।
विवेचना के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया। अब मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की है। शनिवार को पुलिस ने हैप्पी सिंह और दीपक को गिरफ्तार कर लिया। बाद में दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया गया। तीसरे आरोपी शिवा भदौरिया की तलाश में पुलिस जुटी है। शेष आरोपी पहले से इटावा जेल में बंद हैं। गैंगस्टर के आरोप में जेल भेजे गए दो आरोपी और फरार आरोपी जमानत पर बाहर थे।