गैंगस्टरों की दो करोड़ की संपत्ति जब्त कर पुलिस ने की मुनादी
ग्रेटर नोएडा। पुलिस ने सुंदर भाटी गिरोह की आर्थिक रूप से कमर तोड़ने की कार्रवाई तीसरे दिन सोमवार को भी जारी रखी। सुंदर भाटी गिरोह के सिंहराज, सत्यवीर बंसल व सुमित भाटी के दो प्लॉट व सुंदर भाटी के कैंटर समेत दस बड़े वाहन जब्त किए। पुलिस ने लगभग दो करोड़ की संपत्ति जब्त करने के बाद मुनादी कराकर लोगों को जानकारी भी दी। डीसीपी ग्रेटर नोएडा राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में विभिन्न थानों की पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई की। दनकौर के बिलासपुर में सिंहराज के दो प्लॉट व एक कैंटर जब्त किए, जिनकी कीमत 62 लाख है। इसके अलावा सत्यवीर बंसल की पांच गाड़ियां जब्त की गईं जिनकी कीमत 60 लाख है। सुमित भाटी की चार व सुंदर भाटी की एक गाड़ी जब्त की गई। दनकौर क्षेत्र में जब्त किए गए प्लॉट पर कुर्क के आदेश का बोर्ड पुलिस ने लगा दिया है। इधर, सेंट्रल जोन पुलिस भी अनिल दुजाना गिरोह व अन्य गैंगस्टरों पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है। वहीं, पुलिस को अनिल दुजाना गिरोह की ऑडी और बीएमडब्ल्यू जब्त करनी है लेकिन अब तक पुलिस इस कार्रवाई को पूरा नहीं कर पाई है। वहीं, सूत्र आरोपियों के दोनों कार लेकर भागने की जानकारी दे रहे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि मंगलवार को कार जब्त करने की कार्रवाई पूरी कर ली जाएगी।
रणदीप भाटी और सुमित कसाना के परिवार में डर
रणदीप भाटी की पत्नी और अमित कसाना की मां ने पुलिस द्वारा गैंगस्टरों पर की जा रही कार्रवाई से डर है। उन्होंने अपने अधिवक्ताओं के माध्यम से आला अधिकारियों को ईमेल भेजकर संपत्ति को क्षति पहुंचाने की आशंका और इसे रोकने की मांग की है।
गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत शातिर बदमाशों पर कार्रवाई की जा रही है। जब्त किए गए वाहन कब्जाए गए माल इधर से उधर ले जाने में इस्तेमाल होते हैं। अन्य संपत्तियां भी अवैध ढंग से जुटाई गईं हैं। बदमाशों की आर्थिक रूप से कमर तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है और अवैध कमाई से जुटाई संपत्ति जब्त की जा रही है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अब तक ग्रेटर नोएडा जोन में सुंदर भाटी गिरोह की लगभग आठ करोड़ की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।
-- राजेश कुमार सिंह, डीसीपी ग्रेटर नोएडा